झालावाड़ की मूल निवासी और टीवी धारावाहिकों एवं फिल्मों की निर्मात्री-निर्देशिका सीमा कपूर ने अपने जन्मदिन के अवसर पर गवर्नमेंट गांधी स्कूल कलेक्ट्री को एक लाख रुपए का चेक सौंपा। यह राशि कक्षा 5 और 8 के प्रतिभाशाली मेधावी बच्चों के लिए वार्षिक छात्रवृत्ति के रूप में दी जाएगी। यह घोषणा एक समारोह में की गई, जहां सीमा कपूर ने बताया कि उन्होंने यह पहल अपनी स्वर्गीय मां प्रसिद्ध कवयित्री कमल शबनम और स्वर्गीय पिता मदन लाल कपूर की स्मृति में की है। उनकी मां कमल शबनम ने इसी कलेक्ट्री स्कूल में 25 वर्षों तक उर्दू अध्यापिका के रूप में सेवाएं दी थीं और यहीं से सेवानिवृत्त हुई थीं। उनके पिता भारत में नाट्य कला को आम लोगों तक पहुंचाने वाले अग्रणी लोगों में से एक थे। समारोह में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने सीमा कपूर के इस सामाजिक कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य स्कूल के छात्रों को प्रोत्साहन प्रदान करते हैं। कलेक्टर ने सीमा कपूर की मां के उल्लेखनीय योगदान को भी याद किया और छात्रवृत्ति की घोषणा के प्रति आभार व्यक्त किया। सीमा कपूर ने मीडिया को बताया कि उन्होंने झालावाड़ में अपना जन्मदिन एक यादगार तरीके से मनाया है। उन्होंने भविष्य में भी स्कूल के हित में आवश्यकता पड़ने पर मदद देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन सीमा कपूर के छोटे भाई, लेखक और कवि निखिल कपूर ने किया, जिन्होंने अपनी माता की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से जुड़े प्रसंग भी सुनाए और जिला कलेक्टर को अपनी काव्य पुस्तक भेंट की। स्व-गणना अभियान के प्रगणक सम्मानित जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने मंगलवार को जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सहायक सांख्यिकी अधिकारियों और प्रगणकों को सम्मानित किया। यह सम्मान जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया गया। जिला कलक्टर राठौड़ ने इस अवसर पर कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में समर्पण, जिम्मेदारी और जनसहभागिता अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने प्रगणकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि शत-प्रतिशत स्व-गणना पूर्ण कराने वाले प्रगणक अन्य कार्मिकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर रहे हैं, जिससे जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और तकनीक आधारित बन रही है। जिला कलेक्टर ने आमजन से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं और सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इसे सफल बनाएं। इस कार्यक्रम में जिला जनगणना प्रकोष्ठ के खेमराज नागर (सहायक सांख्यिकी अधिकारी) सहित चार प्रगणकों को सम्मानित किया गया। इनमें चार्ज तहसील खानपुर के राजस्व ग्राम फूंसाखेड़ी से रामहेतार नागर अध्यापक, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय फूंसाखेड़ी और राजस्व ग्राम हताईखेड़ा से स्नेहलता गौतम अध्यापिका, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय खानपुर शामिल हैं। चार्ज तहसील गंगधार से राजस्व ग्राम भड़का के महेंद्र सिंह सैनी अध्यापक, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भड़का और राजस्व ग्राम पड़ासली के रविन्द्र मीणा अध्यापक, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पड़ासली भी सम्मानित होने वालों में थे। इन सभी प्रगणकों ने अपने-अपने जनगणना ब्लॉक में शत-प्रतिशत स्व-गणना सुनिश्चित की थी। जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव ने प्रगणकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्व-गणना से न केवल डेटा की शुद्धता सुनिश्चित होती है, बल्कि यह जनगणना प्रक्रिया में नागरिकों की प्रत्यक्ष भागीदारी का भी उत्कृष्ट उदाहरण है। इस अवसर पर उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग डॉ. आशीष यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।