झालावाड़ शहर में नवरात्र महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में बस स्टैंड परिसर में माता के भक्तों ने भंडारे का आयोजन किया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं, यात्रियों और भक्तजनों ने प्रसादी ग्रहण की। भंडारा सुबह 11 बजे शुरू हुआ और देर शाम तक चला। इसमें शहर और आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया। भक्तों ने माता रानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। एक दिन पहले छठे नवरात्र पर माता के मंदिर में छप्पन भोग की आकर्षक झांकी सजाई गई थी। माता रानी को विभिन्न पकवानों का भोग लगाया गया। इस अवसर पर महाआरती भी हुई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। समिति के पुजारी चंद्रप्रकाश शर्मा ने बताया कि नवरात्र महोत्सव का समापन 20 अक्टूबर को हवन के साथ होगा। इन कार्यक्रमों में श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।