झालावाड़ जिले में पंचायत चुनाव के पहले चरण में गुरुवार (22 अक्टूबर) को मतदान होगा। चार पंचायत समिति के 88 मेंबर और जिला परिषद की 16 सीटों सहित कुल 104 सीटों पर मतदान होगा। निर्वाचन विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अंतिम प्रशिक्षण के बाद 596 पोलिंग पार्टियों को ईवीएम और अन्य चुनाव सामग्री के साथ भेजा गया है। इस चरण में 4 लाख 55 हजार 263 मतदाता अपने वोट डालेंगे। जिले में कुल 467 मतदान बूथ बनाए गए हैं, जिनमें से 32 बूथ संवेदनशील और अतिसंवेदनशील श्रेणी में हैं। इन बूथों पर सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि संवेदनशील बूथों पर राइफलधारी जवान तैनात रहेंगे। इन केंद्रों पर वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी, ताकि मतदान प्रक्रिया पर नजर रखी जा सके और कोई गड़बड़ी न हो। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1590 पुलिस मोबाइल दल और 9 एरिया मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। निर्वाचन विभाग का लक्ष्य है कि मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो, जिससे मतदाता बिना किसी डर के अपना वोट डाल सकें।