झालावाड़ मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस अंतिम वर्ष के छात्र कार्तिक लड्ढा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी शोध प्रस्तुति से जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्हें अमेरिका में आयोजित वर्ल्ड कॉन्फ्रेंस ऑफ मेडिकल स्टूडेंट्स रिसर्च में 'बेस्ट रिसर्च' और 'पीपुल्स चॉइस' श्रेणियों में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। यह 2 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन इंटरनेशनल जर्नल ऑफ मेडिकल स्टूडेंट्स की ओर से आयोजित किया गया था। इसमें दुनियाभर से 90 से ज्यादा शोधपत्रों का ऑनलाइन चयन किया गया था, जहां विभिन्न देशों के मेडिकल छात्रों और शोधकर्ताओं ने अपने शोध प्रस्तुत किए। ऑनलाइन माध्यम से पेश किये शोध के निष्कर्ष कार्तिक लड्ढा ने फ्लोराइडयुक्त पानी से संबंधित अपने शोध के निष्कर्ष ऑनलाइन माध्यम से विशेषज्ञों, डॉक्टरों और शोधकर्ताओं के समक्ष प्रस्तुत किए। उनके शोध की वैज्ञानिक गुणवत्ता, सामाजिक उपयोगिता और प्रभाव को देखते हुए इसे 2 अलग-अलग श्रेणियों में तीसरे स्थान से सम्मानित किया गया। यह शोध कार्य सामुदायिक चिकित्सा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शकीला मुल्ला के मार्गदर्शन में पूरा किया गया था। छात्र कार्ति लड्ढा को दी बधाई इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही डीन संजय पोरवाल ने छात्र कार्तिक लड्ढा को बधाई दी और उनके बेहतर कार्य की सराहना की। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने भी इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण बताया है। इस उपलब्धि पर मेडिकल कॉलेज के शिक्षकों, विद्यार्थियों और जिलेवासियों ने कार्तिक लड्ढा और उनकी शोध मार्गदर्शक डॉ. शकीला मुल्ला को बधाई दी, इसे युवा शोधकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी बताया। फ्लोराइडयुक्त पानी पर किया था शोध 11-12 जुलाई को हुए इस आयोजन में शोध का विषय झालावाड़ जिले के निकट स्थित मंडावर कस्बे में फ्लोराइड युक्त पेयजल के उपयोग और उसके आमजन के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव से जुड़ा था। अध्ययन में फ्लोराइड युक्त पानी के ज्यादा समय तक उपयोग से होने वाले संभावित स्वास्थ्य दुष्प्रभावों को वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर प्रस्तुत किया गया।