झालावाड़ के राजकीय विजय राजे सिंधिया खेल संकुल में हुई 36वीं जिला स्तरीय सब जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता में गादिया भीलवाड़ी चैंपियन बनी। फाइनल में गादिया ने उन्हेल नागेश्वर को 42-21 अंकों से हराया। उन्हेल नागेश्वर की टीम उपविजेता रही। गादिया की ओर से सुमित, बाबूराम और रविंद्र ने शानदार खेल दिखाया। वहीं, उन्हेल नागेश्वर के प्रधान सिंह, कृष्णपाल और ईश्वर सिंह ने दमदार प्रदर्शन किया। मैच में सलमान खान, शरीफ खान और डॉ. अलीम बेग निर्णायक रहे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन जिला कबड्डी संघ के सचिव शरीफ खान ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले की 9 टीमों ने हिस्सा लिया। पहले सेमीफाइनल में गादिया ने कंचन सिटी क्लब झालावाड़ को 30-15 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में उन्हेल नागेश्वर ने राड़ी के बालाजी क्लब को 42-20 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। समापन समारोह में पाटीदार समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विष्णु प्रसाद पाटीदार मुख्य अतिथि रहे। जिला खेल अधिकारी कृपाशंकर शर्मा ने अध्यक्षता की। इस प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर चयनित जिला टीम 12 से 15 नवंबर तक अलवर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी।