झालावाड़ जिले के खानपुर उपखण्ड क्षेत्र के पनवाड़ इलाके के जटेड़ी गांव में मंगलवार रात करीब 8 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते करीब 25 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। घटना के समय पीड़ित किसान जगदीश मीणा खेत पर मौजूद नहीं थे। वे फसल कटाई के लिए हार्वेस्टिंग मशीन लेने गए हुए थे। इसी दौरान खेत में आग भड़क उठी। जब तक किसान मौके पर पहुंचे, तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी और फसल का बड़ा हिस्सा जल चुका था। कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू आग की ऊंची लपटों और तेज हवाओं ने स्थिति को और गंभीर बना दिया था। ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाते हुए नीम के पत्तों, पानी और ट्रैक्टरों की मदद से आग को फैलने से रोकने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। इस अग्निकांड में खेत में खड़ी कुल 32 बीघा गेहूं की फसल में से लगभग 25 बीघा फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। इस हादसे से किसान जगदीश मीणा को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जिससे उनके परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। VDO ने लिया हालात का जायजा सूचना मिलने पर पनवाड़ थाना पुलिस और दहीखेड़ा ग्राम विकास अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर खेतों के पास से गुजर रही बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।