झुंझुनूं शहर में सोमवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर की तपिश और उमस के बाद शाम करीब 6 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया। देखते ही देखते हवाओं ने आंधी का रूप ले लिया, जिससे पूरे शहर में धूल की चादर बिछ गई। ​शाम 6 बजे शुरू हुई तेज आंधी के कारण दृश्यता (Visibility) काफी कम हो गई। आसमान में धूल ही धूल नजर आने लगी, जिसके चलते सड़कों पर चल रहे वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। ​आंधी के बाद हल्की बूंदाबांदी, तापमान में गिरावट ​आंधी के करीब आधे घंटे बाद बादलों की गर्जना के साथ शहर के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। धूल भरी आंधी के बाद हुई इन फुहारों ने वातावरण में मौजूद मिट्टी को शांत किया और लोगों को गर्मी से आंशिक राहत दिलाई। बूंदाबांदी के चलते तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है और हवाओं में ठंडक घुल गई है। ​बिजली हुई गुल ​तेज आंधी को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। तेज हवाओं के कारण पेड़ों की टहनियां टूटने और लाइनों में फाल्ट आने की आशंका के चलते विभाग द्वारा एहतियातन बिजली कटौती की गई।