पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण में नामांकन के आखिरी दिन शुक्रवार को बड़ी संख्या में प्रत्याशियों ने नॉमिनेशन किया। दौसा में भाजपा ने ऐन वक्त पर जिला परिषद के वार्ड नंबर 21 से प्रत्याशी ऊषा बैरवा का टिकट काटकर उनकी जगह सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल की मां शकुंतला देवी को उम्मीदवार बनाया है। सीकर जिले के श्रीमाधोपुर में पंचायत समिति के वार्ड 17 से यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी ने और वार्ड -20 से बेटे अजय सिंह खर्रा ने नामांकन भरा। मंत्री खर्रा के बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा पहले ही वार्ड 19 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भर चुके हैं। मंत्री के छोटे भाई महावीर सिंह खर्रा की पत्नी प्रतिमा ने जिला परिषद के वार्ड 23 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है। इस तरह परिवार के चार सदस्य चुनाव मैदान में हैं। वहीं दौसा जिला परिषद के वार्ड-19 से कांग्रेस की पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना भंडारी ने पर्चा भरा है। झुंझुनूं जिले में 3 बार प्रधान रह चुकीं सुशीला सीगड़ा ने भाजपा से कांग्रेस में वापसी की। उन्होंने जिला परिषद के वार्ड-5 से नामांकन भरा है। पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…