पंचायती राज चुनाव-2026 के तहत जिले की छह पंचायत समितियों में सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। झुंझुनूं, चिड़ावा, सूरजगढ़, सिंघाना, पिलानी और बुहाना पंचायत समिति के कुल 102 वार्डों में चुनाव के लिए अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किए हैं। अब 17 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद 19 अक्टूबर तक अभ्यर्थी अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद चुनाव की तस्वीर साफ होगी। इसके बाद पता चलेगा कि किस वार्ड में कितने प्रत्याशी मैदान में रहेंगे। चिड़ावा में सबसे ज्यादा अभ्यर्थी पंचायत समिति वार आंकड़ों के अनुसार चिड़ावा में सबसे ज्यादा 132 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किए हैं। यहां 19 वार्डों के लिए 135 नामांकन पत्र जमा हुए। वहीं झुंझुनूं पंचायत समिति में 19 वार्डों के लिए 119 अभ्यर्थियों ने 132 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। सूरजगढ़ में 15 वार्डों के लिए 73 अभ्यर्थियों ने 78 नामांकन पत्र जमा किए। सिंघाना में 15 वार्डों के लिए 80 अभ्यर्थियों ने 92 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। पिलानी में 17 वार्डों के लिए 107 अभ्यर्थियों ने 130 नामांकन पत्र जमा कराए, जबकि बुहाना में 17 वार्डों के लिए 95 अभ्यर्थियों ने 104 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। 17 को जांच, 19 अक्टूबर तक नाम वापसी नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनाव की अगली महत्वपूर्ण प्रक्रिया शुरू होगी। 17 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इस दौरान निर्वाचन अधिकारी अभ्यर्थियों की ओर से जमा कराए गए दस्तावेजों और नामांकन पत्रों की जांच करेंगे। इसके बाद 19 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी। इसी सूची से प्रत्येक वार्ड में चुनावी मुकाबले की स्थिति स्पष्ट होगी।