झुंझुनूं में कोतवाली पुलिस ने मलसीसर रोड स्थित एक घर में हुई डकैती में इस्तेमाल किया गया अवैध देशी कट्टा बरामद कर लिया है। इसी हथियार के दम पर बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस इस मामले में आरोपी आरिफ सहित 4 लोगों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लाई थी। आरिफ की निशानदेही पर यह हथियार बरामद हुआ है। पुलिस ने इस अवैध हथियार के मामले में आरिफ (27) पुत्र सरताज कुरैशी, निवासी मोहल्ला मस्जिदपुरा, गली नम्बर 2/3, थाना कोतवाली, जिला हापुड़, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। खाली प्लाट में मिला कट्टा कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया- हथियार के बारे में पूछताछ की, तो आरोपी ने बताया कि उसने कट्टा झुंझुनूंं में ही छिपाया था। आरोपी की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने नेशनल हाईवे स्थित सिटी कॉलोनी के पास अंसारी कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर एक खाली प्लॉट में दबिश दी। जमीन में छिपाकर रखा गया वही अवैध देशी कट्टा पुलिस ने बरामद कर लिया, जिससे आरोपी ने परिवार को डराकर बंधक बनाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली थानाधिकारी की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए डकैती के मुख्य सरगना सहित कुल 4 आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर लिया था। ​इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार मील के नेतृत्व में गठित टीम में कांस्टेबल चैनाराम, योगेन्द्र सिंह, प्रवीण, पुरुषोत्तम और रूपेंद्र शामिल थे। कांस्टेबल योगेन्द्र सिंह का विशेष योगदान रहा।