झुंझुनूं जिले के मलसीसर उपखंड क्षेत्र के हरिपुरा गांव में रविवार की शाम बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। सुमन देवी (42) पत्नी मोहर सिंह अपने खेत पर बनी ढाणी में पशुओं की देखभाल कर रही थी। इस दौरान आकाशिय बिजली गिर गई। सुमन अपनी बेटी के साथ टिन शेड से बने एक कच्चे मकान में मौजूद थी, तभी तेज गर्जना के साथ बिजली सीधे मकान की दीवार पर आ गिरी। परिजनों के अनुसार, बिजली गिरते ही टिन शेड के नीचे बनी दीवार ताश के पत्तों की तरह ढह गई। दीवार का भारी मलबा सीधे सुमन के ऊपर जा गिरा, जिससे वह उसके नीचे बुरी तरह दब गई। पास ही खड़ी बेटी इस मंजर को देखकर चीख उठी। बेटी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और मलबे को हटाकर सुमन को बाहर निकाला। ग्रामीण घायल महिला को लेकर उप जिला अस्पताल मलसीसर पहुंचे। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।