जोधपुर में सोमवार को मौसम के तेवर पूरी तरह बदले हुए नजर आए। शहर के तापमान में करीब 2 डिग्री की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिनभर चली तेज धूप और भीषण गर्मी की वजह से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त नजर आया। रविवार को भी तापमान 44 डिग्री के करीब था, लेकिन सोमवार को गर्मी ने पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए। भीषण गर्मी और तीखी धूप का सीधा असर शहर के व्यापार पर भी देखने को मिल रहा है। दोपहर के समय बाजार ग्राहकों की भीड़ के बजाय पूरी तरह सूने नजर आ रहे हैं। शहर की प्रमुख सड़कों पर भी केवल सुबह और शाम के समय ही लोगों की आवाजाही देखने को मिल रही है। दिन के समय लोग केवल अति आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं, जिससे बाजारों में रौनक गायब है। गर्मी की वजह से आम आदमी का हाल बेहाल है और लोग ठंडे पेय पदार्थों व छांव का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की उम्मीद जताई गई है, लेकिन जब तक अच्छी बारिश नहीं होती, तब तक लोगों को इस भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।