राष्ट्रीय युवा संसद 3.0 में जोधपुर की दर्शना राजपुरोहित ने पहला स्थान हासिल किया है। जोधपुर के डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के पीएसएम डिपार्टमेंट की ओर से 700 से ज्यादा कर्मचारियों को एक्सीडेंट में जान बचाने की ट्रेनिंग दी गई। इसके साथ ही कलेक्टर आलोक रंजन ने बुधवार को ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। पढ़ें शहर की प्रमुख खबरें... दर्शना राजपुरोहित ने हासिल किया पहला स्थान जोधपुर निवासी कुमारी दर्शना राजपुरोहित पुत्री नरेंद्र सिंह राजपुरोहित (एडवोकेट) ने राष्ट्रीय युवा संसद 3.0 में हिस्सा लिया। इस नेशनल युवा संसद में उन्होंने 25 राज्यों में प्रथम स्थान हासिल किया। इसमें दर्शना ने सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की भूमिका निभाते हुए महिला सशक्तिकरण और समान प्रतिनिधित्व विधेयक-2026 को लेकर विचार रखे। इस पर मंच मंत्रालय और राजस्थान सरकार की ओर से पुरस्कार, स्कॉलरशिप और नकद राशि से उन्हें सम्मानित किया गया। साथ ही उन्होंने उन्हें संसद भवन नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों एवं लोकसभा अध्यक्ष से भी मुलाकात की। कलेक्टर आलोक रंजन ने ग्रामीण सेवा शिविर का किया निरीक्षण कलेक्टर आलोक रंजन ने बुधवार को पंचायत समिति बालेसर की ग्राम पंचायत राणाजी बेलवा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि पारंपरिक श्मशान जमीनों का वेरिफिकेशन कर उन्हें रिकॉर्ड में लिया जाए। साथ ही उन्होंने सार्वजनिक जमीनों पर हुए अवैध अतिक्रमण को भी हटाने को कहा। कलेक्टर ने डिस्कॉम को ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को समय रहते निपटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा- ग्रामीण सेवा शिविर केवल योजनाओं का लाभ प्रदान करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की आधारभूत समस्याओं की पहचान कर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का प्रभावी मंच भी हैं। इस अवसर पर बालेसर उपखंड अधिकारी भवानी सिंह सहित समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे। मिलेगा 2 करोड़ तक का लोन राजस्थान ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी-2025 के तहत नए सूक्ष्म व्यापारिक उद्यम स्थापित करने पर करोड़ का लोन मिलेगा। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र जोधपुर की महाप्रबंधक पूनम राठौड़ ने बताया कि इस योजना के तहत 1 करोड़ रुपए का लोन 6 प्रतिशत और 1 करोड़ से ज्यादा का लोन 4 प्रतिशत ब्याज अनुदान का पुनर्भरण किया जाएगा। CGTMSE शुल्क एवं इंश्योरेंस प्रीमियम के भुगतान का 50 प्रतिशत तक पुनर्भरण किया जा सकेगा। साथ ही ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर एक वर्ष तक ई-कॉमर्स के माध्यम से किए गए लेन-देन पर प्लेटफॉर्म फीस/शुल्क (शिपिंग शुल्क के अतिरिक्त) का 75 प्रतिशत, अधिकतम 50 हजार रुपए हर साल पुनर्भरण किया जाएगा। महाप्रबंधक राजस्थान ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी-2025 के अंतर्गत नए सूक्ष्म व्यापारिक उद्यम स्थापित करने के लिए ऑनलाइन आवेदन SSO आईडी के माध्यम से किया जा सकता है। बेसिक लाइफ सपोर्ट की दी ट्रेनिंग डॉ. एस.एन. मेडिकल कॉलेज जोधपुर के पीएसएम डिपार्टमेंट में डॉ. रवि नागाल के नेतृत्व में पुलिस ट्रेनिंग स्कूल जोधपुर बेसिक लाइफ सपोर्ट कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें 150 अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा 606 रिक्रूट कॉन्स्टेबलों को सड़क दुर्घटना एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में घायल व्यक्तियों को बेसिक लाइफ सपोर्ट की ट्रेनिंग दी। इस ट्रेनिंग में डॉ. महेश खत्री एवं डॉ. प्रदीप सारण ने भी सीपीआर की ट्रेनिंग देते हुए इसके बारे में बताया। एमडीएम अस्पताल के जेरियाट्रिक विभाग को चार व्हीलचेयर भेंट लास वेगास (अमेरिका) निवासी जुड़वां भाइयों आदित्य कल्ला और यश कल्ला ने बुधवार को एमडीएम अस्पताल जोधपुर के जेरियाट्रिक (वृद्धजन) विभाग को चार व्हीलचेयर गिफ्ट की। यह व्हीलचेयर उन्होंने अपने पैतृक दादा-दादी स्वर्गीय एस. एस. कल्ला तथा ननिहाल के नाना-नानी एस. एन. पुरोहित की याद में दी। आदित्य और यश कल्ला ने भी इस दौरान मौजूद थे। दोनों भाई वर्तमान में अमेरिका के लास वेगास में पढ़ते हैं।