राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के जोधपुर डिपो से यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। अब जोधपुर से बांसवाड़ा तक 448 किलोमीटर की दूरी पर वाया नाथद्वारा एवं उदयपुर एसी बस सेवा शुरू की जा रही है। यह बस प्रतिदिन शाम 6:00 बजे जोधपुर के केंद्रीय बस स्टैंड से रवाना होगी और अगले दिन सुबह लगभग 4:30 बजे बांसवाड़ा पहुँचेगी। इस नई सुविधा से दक्षिण राजस्थान की ओर जाने वाले यात्रियों को अब आरामदायक और सीधी यात्रा का लाभ मिलेगा। इन जगहों पर ठहराव जोधपुर से बांसवाड़ा के लिए बस शाम 6 बजे जोधपुर से रवाना होगी, जो पाली, नाडोल, देसूरी, चारभुजा और नाथद्वारा होते हुए रात 12 बजे उदयपुर पहुंचेगी। उदयपुर से 12:30 बजे रवाना होकर सलूंबर होते हुए दूसरे दिन अलसुबह 4:30 बजे बांसवाड़ा पहुंचेगी। वापसी में भी बस शाम 6 बजे बांसवाड़ा से रवाना होगी, जो सलूंबर होते हुए रात 10 बजे उदयपुर पहुंचेगी। रात 10:30 बजे रवाना होकर नाथद्वारा, देसूरी, नाडोल, पाली होते हुए अल सुबह 4:30 बजे जोधपुर पहुंचेगी। जोधपुर डिपो द्वारा शुरू की गई यह एसी बस सेवा यात्रियों के लिए सुविधा, सुरक्षा और समय की बचत का बेहतर विकल्प साबित होगी। यात्रियों ने इस नई सेवा का स्वागत करते हुए निगम के इस प्रयास की सराहना की है। इस सेवा के संचालन में मुख्य प्रबंधक उमेद सिंह, यातायात प्रबंधक ताराचंद आजाद एवं मुख्य समय पालक बृज सुंदर रत्नू की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।