जोधपुर के माता का थान थाना क्षेत्र के गुलजार नगर भदवासिया में प्लॉट पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में अब पीड़ित पक्ष की ओर से मामला दर्ज करवाया गया है। हमले में घायल हुए युवकों के भाई मुशर्रफ मुगल ने थाने में रिपोर्ट दी है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ये था मामला घटना 24 अक्टूबर की दोपहर की है। गुलजार नगर भदवासिया में एक प्लॉट के मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान एक पक्ष की ओर से तलवार और लाठियों से हमला किया गया। हमले में एक युवक के हाथ की अंगुलियां कट गईं, जबकि दूसरे युवक के सिर में गंभीर चोट आई और सिर फट गया। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमला करने के आरोप में तीन जनों को गिरफ्तार किया था। तीन आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने इस मामले में भगवानसिंह (42) पुत्र रूपसिंह राजपूत निवासी बुरछा, थाना भोपालगढ़, जोधपुर ग्रामीण, देवीसिंह (24) पुत्र परबतसिंह राजपूत निवासी निम्बला नगर, भेड़, थाना लोहावट, जिला फलोदी और निखिलसिंह (22) पुत्र अशोकसिंह राजपूत निवासी गली नंबर 4, मटकी चौराहा, थाना महामंदिर, जोधपुर को गिरफ्तार किया है। पीड़ित पक्ष की ओर से मुशर्रफ मुगल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।