जोधपुर में बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी नई स्कॉर्पियो-एन को आग के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि गाड़ी बहन से मांगकर लाई गई थी। बदमाशों ने पहले डंडों से स्कॉर्पियो के कांच तोड़े और फिर उसमें आग लगा दी। घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई। घटना के दौरान स्कॉर्पियो के साथ-साथ उसके पीछे खड़ी एक अन्य गाड़ी भी आग की चपेट में आने से बुरी तरह से जल गई। घटना भगत की कोठी थाना क्षेत्र के रामदेव चौक में 25 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 9 बजे की है। हालांकि, सूचना के बाद मौके पर पहुंची दमकल ने पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पा लिया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पहले देखिए, घटना से जुड़ी 2 PHOTO'S धर्म की बहन से मांगकर लेकर आया था गाड़ी पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित तेजाराम पुत्र स्व. भेराराम, निवासी रामदेव चौक, भगत की कोठी ने बताया कि वे अपनी धर्म की बहन से उनकी बिल्कुल नई स्कॉर्पियो-एन कार अपने निजी काम के लिए मांगकर लाया था। उन्होंने इस गाड़ी को 25 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 9 बजे अपने घर के बाहर खड़ा किया था। मध्य रात्रि करीब 2 बजे जब अचानक गाड़ी में आग लगी और बाहर शोर हुआ तो तेजाराम और आसपास के लोग तुरंत बाहर भागे। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी और पुलिस मौके पर पहुंची। मामले के CCTV देखें तो बदमाशों की करतूत नजर आई। जिसमें रात करीब 2:00 बजे एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार गली में आकर रुकी। उसमें से एक संदिग्ध नीचे उतरा और उसने डंडे से तेजाराम की स्कॉर्पियो और उसके पीछे खड़ी एक अन्य गाड़ी के कांच तोड़ दिए और फरार हो गए। इस घटना के ठीक एक घंटे बाद वहीं स्विफ्ट कार फिर से लौटकर आई। इस बार गाड़ी से उतरा शख्स स्कॉर्पियो पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसमें आग लगा गया और मौके से रफूचक्कर हो गया। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी घटना की गंभीरता को देखते हुए भगत की कोठी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच ASI दिनेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बिना नंबर की स्विफ्ट कार और उसमें सवार बदमाशों की तलाश में जुटी है।