जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में बीते 24 घंटे में चोरी, मारपीट और साइबर ठगी के कई मामले सामने आए हैं, जिनमें पुलिस जांच कर रही है। पेश है जोधपुर के प्रमुख क्राइम समाचार। मोबाइल हैक कर बैंक खाते से उड़ाए 4.32 लाख रुपये बनाड़ थाना क्षेत्र के सेटेलाइट अस्पताल डिगाड़ी के पास रहने वाले व्यक्ति से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। नांदड़ा खुर्द निवासी बुद्धाराम पुत्र हीराराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि किसी अज्ञात ठग ने उनके मोबाइल पर मैसेज भेजकर फोन को हैक कर लिया। इसके बाद आरोपी ने बैंक खाते से करीब 4 लाख 32 हजार रुपये ऑनलाइन विड्रॉल कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर डांगियावास थाना इलाके में तेज रफ्तार पिकअप ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक महिला नैनी देवी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चालक की तलाश शुरु की है। महिला के गले से चेन झपटकर भागा बदमाश कुड़ी भगतासनी थाना इलाके में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। यहां घर लौट रही महिला के साथ चेन झपटने का मामला सामने आया है। इसको लेकर रिपोर्ट दी गई है। जिसमें प्रार्थी ने बताया कि वो अपनी माँ के साथ 14 अक्टूबर को घर जा रहे थे। इस दौरान अज्ञात बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पुलिस अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुटी है। शादी का झांसा देकर किया रेप जोधपुर पूर्व के उदय मंदिर थाने में एक युवती ने शादी का झांसा देकर रेप करने के आरोपों को लेकर मामला दर्ज करवाया है। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे शादी करने का झांसा दिया था। बाद में आरोपी उसका शोषण करने लग गया। पीड़िता का आरोप है कि युवक उसे एक होटल में भी ले गया जहां उसके साथ रेप किया।