पंचायती राज चुनावों के मद्देनजर वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जोधपुर ग्रामीण की जिला स्पेशल टीम को बड़ी सफलता मिली है। DST ने चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी थाने में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और फायरिंग के मामले में पिछले 2 साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी विकास बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी के डर से भेष बदलकर ट्रक ड्राइवर का काम कर रहा था और फरारी काट रहा था। अपराधियों को पकड़ने के लिए चल रहा अभियान जिला पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देशन और ASP रामेश्वर कड़ेला के सुपरविजन में DST प्रभार शंकर कड़वा को वांछित अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए थे। मंगलवार को DST को खास मुखबीर से सूचना मिली कि बस्सी चित्तौड़गढ़ थाने पर जानलेवा हमला और फायरिंग के मामले में वांछित आरोपी विकास बिश्नोई पंचायती राज चुनाव के दौरान अपने गांव खोखरिया आया हुआ है। सूचना मिलते ही ASI श्रवणकुमार भंवरिया के नेतृत्व में टीम ने सरहद खोखरिया पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को दस्तयाब कर लिया। 10 हजार का घोषित किया था इनाम पकड़ा गया आरोपी विकास उर्फ विक्रम उर्फ मुरली उर्फ विक्रम चंद (30) पुत्र मंगलाराम बिश्नोई, निवासी खोखरिया पुलिस थाना कापरड़ा, जिला जोधपुर के खिलाफ पुलिस थाना बस्सी में मामला दर्ज था। आरोपी पर 10,000 रुपए का इनाम घोषित था। DST आरोपी को अग्रिम अनुसंधान के लिए चित्तौड़गढ़ की बस्सी थाना पुलिस के सुपुर्द करेगी।