डीडवाना-कुचामन पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज डोडा पोस्त तस्करी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ मंगवाने के आरोप में राकेश विश्नोई (23) को जोधपुर से डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। राकेश विश्नोई रामडाबास कला, थाना कापरड़ा, जिला जोधपुर का निवासी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा और वृत्ताधिकारी लाडनूं जितेंद्र सिंह के सुपरविजन में की गई। थाना जसवंतगढ़ के थानाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार 9 जुलाई 2026 को एएनटीएफ नागौर से मिली सूचना के आधार पर लाडनूं थाना पुलिस ने आसोटा सीमा क्षेत्र में खड़े एक ट्रेलर की तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान ड्राइवर जगदीश विश्नोई के कब्जे से 27 किलो 330 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया था। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन जब्त कर आरोपी जगदीश विश्नोई को गिरफ्तार करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान मोबाइल सीडीआर, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पहले डोडा पोस्त बेचने वाले आरोपी सोमराज विश्नोई को झारखंड के धनबाद जिले से गिरफ्तार किया था। दोनों गिरफ्तार आरोपियों से की गई पूछताछ और तकनीकी जांच में यह सामने आया कि राकेश विश्नोई ने ही उनसे डोडा पोस्त मंगवाया था। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने राकेश विश्नोई को जोधपुर से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस तस्करी के इस पूरे नेटवर्क की अन्य कड़ियों की भी गहनता से जांच कर रही है। इस कार्रवाई में थाना जसवंतगढ़ के थानाधिकारी राजेश कुमार, हेड कॉन्स्टेबल सुखाराम, कॉन्स्टेबल रामसिंह और जयसिंह सहित पूरी पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।