बालोतरा जिले के जसोल थाना क्षेत्र के कनाना गांव में पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी और लकड़ी से पीटकर हत्या कर दी। 14 अप्रैल की सुबह पुराने डाक बंगले की छत पर महिला का शव मिला, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। नशे में हुए विवाद के बाद हत्या की वारदात सामने आई। तीन दिन की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पति को जोधपुर से गिरफ्तार किया। छत पर मिला महिला का शव एसपी रमेश के अनुसार 14 अप्रैल को सुबह जसोल थानाधिकारी शारदा विश्नोई को सूचना मिली कि कनाना गांव में पुराने डाक बंगले की छत पर एक अधेड़ महिला का शव पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में सामने आया कि महिला की हत्या की गई है। मृतका की पहचान कालीदेवी के रूप में हुई। पति पर हत्या का आरोप मौके की जांच में पता चला कि धूड़ाराम पुत्र छोगाराम जोगी निवासी कनाना वाला ने अपनी पत्नी कालीदेवी की हत्या की और फरार हो गया। सूचना पर मृतका के परिजन को मौके पर बुलाया गया। महिला के बेटे रमेश ने हत्या के संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई। टीम बनाकर आरोपी की तलाश मामले में एएसपी हरफूल सिंह और डीएसपी अनिल पुरोहित के सुपरविजन में जसोल थानाधिकारी शारदा विश्नोई के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिरों और तकनीकी सहायता से आरोपी की तलाश शुरू की। जोधपुर से गिरफ्तार आरोपी पुलिस ने फरार आरोपी धूड़ाराम जोगी को जोधपुर से पकड़कर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है। नाता प्रथा से साथ रह रहे थे पुलिस जांच में सामने आया कि महिला को करीब एक साल पहले नाता प्रथा के तहत आरोपी अपने साथ लेकर आया था। घटना के दिन शराब के नशे में दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कुल्हाड़ी और लकड़ी से हमला कर हत्या कर दी और शव को पुराने डाक बंगले की छत पर डालकर फरार हो गया।