जोधपुर में चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी कर ली। शहर के राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र में 5 अप्रैल को दिनदहाड़े वारदात हुई। घर में घुसकर नकदी और चांदी के जेवरात बदमाश लेकर फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रेमाराम पुत्र चिमनाराम चौधरी निवासी रोहिट पाली हाल वस्त्र मंत्रालय क्वार्टर जोधपुर ने राजीव गांधी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया- वे 5 अप्रैल की सुबह 9 बजे गांव निकल गया था। घर पर उसकी पत्नी कमला देवी थीं, जो दोपहर करीब 12 बजे काम के लिए घर से निकल गईं। शाम करीब साढ़े 4 बजे जब कमला देवी वापस लौटीं तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। वहीं घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार- घर में रखे बैग से 15 हजार रुपए नकद और करीब 15 तोला चांदी के जेवर, छड़ा की एक जोड़ी चोरी हो गए। घर के बाहर और अंदर जूतों के निशान मिले घटना स्थल पर मकान के अंदर और बाहर जूतों के निशान मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोर दिन के समय ही घर में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल सवाई सिंह को सौंपी गई है।