जोधपुर के मसूरिया पर रविवार को बाबा रामदेव की बीज(दूज) पर लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बाबा रामदेव के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया। मसूरिया में बड़ी संख्या में पैदल श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा और भक्त नाचते-गाते बाबा के दरबार पहुंचे। मंदिर परिसर में 108 दीपों से महाआरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। मसूरिया स्थित गुरु बालीनाथजी की समाधि स्थली पर मेला भरा गया, जहां चारों ओर बाबा रामदेव के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। पहले देखिए, ये PHOTO'S… दशमी तक पहुंचेंगे लाखों श्रद्धालु दरअसल, हर साल बाबा रामेदव की चांदनी बीज(दूज) से लेकर दशमी तक यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। शहरवासियों के अलावा अलग-अलग राज्यों और शहरों से भी लोग पैदल यात्रा कर यहां आते हैं। रविवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। इससे पूर्व सुबह 11 बजे ध्वजारोहण के साथ बाबा के मेले का आगाज किया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे समेत पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया है। शहर में जगह-जगह लगे भंडारे, शहरवासी कर रहे सेवा पैदल जातरूओं की सेवा के लिए शहरवासी भी पीछे नहीं है। शहर के पाली रोड से लेकर मसूरिया तक रास्ते में जगह-जगह इनके लिए खाने-पीने के बंदोबस्त किए गए है। इसके साथ ही अस्थाई मेडिकल कैंप भी बनाए गए है। जहां पर डॉक्टर्स से लेकर नर्सिंग स्टाफ तक को तैनात किया गया है। शहरवासियों ने चाय, नाश्ता, फल-फ्रूट और पानी की सेवा के लिए अलग-अलग पांडाल भी बनाए है।