जोधपुर कलेक्ट्रेट में रविवार को हवाई हमले (एयर रेड) और ब्लैकआउट की स्थिति को लेकर मॉक ड्रिल की गई। इस अभ्यास के जरिए आपदा प्रबंधन की तैयारियों और विभिन्न विभागों के बीच तालमेल क्षमता का परीक्षण किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान करीब ढाई से तीन मिनट तक कलेक्ट्रेट परिसर में सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी दी गई। इसके बाद शहर में ब्लैकआउट की स्थिति बनाते हुए बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में विद्युत विभाग और अन्य एजेंसियों की प्रतिक्रिया क्षमता को परखा जा सके। इस पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने की। अभ्यास के दौरान वायुसेना और नागरिक सुरक्षा नियंत्रण कक्ष के बीच तालमेल स्थापित करते हुए हवाई हमले की चेतावनी प्रक्रिया, फाइबर हॉटलाइन और एयर रेड सायरनों की सक्रियता का सफल परीक्षण किया गया। प्रशासन के अनुसार, इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में सूचना प्रसारण की गति, विभिन्न एजेंसियों की तत्परता और तालमेल की प्रभावशीलता की जांच करना था।