जोधपुर में साइबर अपराधों के लिए 'म्यूल अकाउंट' का इस्तेमाल करने वाला गिरोह का खुलासा हुआ। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C-MHA), आरबीआई और दूरसंचार विभाग की जांच के बाद जोधपुर पुलिस ने एक बैंक खाते को ट्रेस किया है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से ऑनलाइन ठगी की रकम ट्रांसफर की जा रही थी। पुलिस के अनुसार- अगस्त 2025 से मई 2026 के बीच इस खाते में 1 लाख 71 हजार रुपए का लेनदेन हुआ है। दरअसल, साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए संदिग्ध बैंक खातों की सूची जोधपुर पश्चिम पुलिस उपायुक्त कार्यालय को मिली थी। इसमें पाल रोड स्थित एक बैंक खाता संदिग्ध पाया गया। पुलिस ने जब इस खाते का साइबर पोर्टल पर विश्लेषण किया तो पता चला कि इस अकाउंट के खिलाफ महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब और तमिलनाडु में चार अलग-अलग ऑनलाइन साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज हैं। शास्त्री नगर थाने के एएसआई चेतन कुमार की लिखित रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी जीशान (21) पुत्र रिजवान और उसके अन्य अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इसमें ऑनलाइन धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र रचने और ठगी से प्राप्त संपत्ति का गबन करने की धाराएं लगाई गई हैं। मामले में आगे की जांच एसआई शैतान चौधरी को सौंपी गई है। चंद रुपए के लालच में किराए पर दिया खाता शास्त्री नगर थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार- बैंक से मिली केवाईसी और अन्य विवरण के आधार पर आरोपी की पहचान जोधपुर के राजीव गांधी कॉलोनी (पाल लिंक रोड) निवासी जीशान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार- जीशान ने अन्य साइबर अपराधियों के साथ मिलकर सुनियोजित षड्यंत्र के तहत यह बैंक खाता खुलवाया था। इस 'म्यूल अकाउंट' का मुख्य उद्देश्य अनजान लोगों को विभिन्न तरीकों से ठगी करना था। इन चारों मामलों में ठगी की कुल रकम इस खाते में 1.71 लाख आई है। टेलीग्राम से जॉब और मैट्रीमोनी से ट्रेडिंग का झांसा आरोपी के खाते में जिन चार राज्यों से ठगी की रकम आई, उनका तरीका अलग-अलग था- तमिलनाडु (कोयंबटूर): पीड़ित को तमिल मैट्रीमोनी साइट के जरिए फंसाया गया। ठगों ने वॉट्सएप पर बातचीत कर पहले विश्वास जीता, फिर फर्जी ट्रेडिंग लिंक और स्टॉक टिप्स देकर 35 हजार रुपए निवेश के नाम पर इसी खाते में डलवाए। महाराष्ट्र (कोल्हापुर): करवीर थाना इलाके के एक पीड़ित को टेलीग्राम एप पर ग्रुप में जोड़कर हाई रिटर्न का लालच दिया गया। उससे 59 हजार रुपए की ठगी कर सीधे इसी खाते में ट्रांसफर करवाए गए। पंजाब (मोहाली): साइबर क्राइम थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार- सोशल मीडिया के जरिए पार्ट-टाइम जॉब और डेली टास्क का झांसा देकर पीड़ित से 37 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए गए। गुजरात (अहमदाबाद): राणीप थाना क्षेत्र में इन्वेस्टमेंट के नाम पर 40 हजार रुपए की ठगी की गई, जो इसी खाते में पहुंचे।