जोधपुर नगर निगम के चुनाव के लिए 100 वार्डों में वोटिंग पूरी होने के बाद शहर के भाजपा प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर दी गई है। जोधपुर निगम के सभी 100 भाजपा पार्षद प्रत्याशी बालोतरा के पास एक रिसॉर्ट में हैं। इधर, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत रविवार को बाड़ेबंदी में पार्षद प्रत्याशियों के बीच पहुंचे। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पार्षद प्रत्याशियों के साथ ‘पल-पल दिल के पास…’ और ‘ओ मेरे दिल के चैन…’ गाने माइक पर गाए। वहीं जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर रविवार को मीडिया से बातचीत में मंत्री शेखावत ने कहा- इसे बाड़ेबंदी कहना गलत होगा। ये भाजपा कार्यकर्ताओं का ट्रेनिंग कैंप है। केंद्रीय मंत्री के साथ पार्षद प्रत्याशियों ने मिलाई जुगलबंदी केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत रविवार सुबह जोधपुर पहुंचे थे। इसके बाद वे जिले के अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए यहां से रवाना हुए थे। दोपहर बाद मंत्री बाड़ेबंदी में पहुंचे। यहां उन्होंने सभी प्रत्याशियों के साथ मुलाकात की। इसके बाद कुछ देर वहां कैरम और दूसरे गेम्स भी खेले। इस दौरान केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और पार्षद प्रत्याशी कमलेश पुरोहित ने साथ में गाना गाया। जब दोनों गाना गा रहे थे तो बाकी पार्षद प्रत्याशियों के साथ जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल भी वहीं मौजूद थे। शेखावत बोले- बाड़ेबंदी कहना अपमान, ये कार्यकर्ताओं की ट्रेनिंग जोधपुर में मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा- प्रशिक्षण शिविर को ‘बाड़ेबंदी’ कहना जनप्रतिनिधियों का अपमान होगा। उन्होंने कहा- भारतीय जनता पार्टी की परंपरा रही है कि कार्यकर्ताओं को समय-समय पर ट्रेनिंग दी जाती है, ताकि वे नए दायित्व और नई भूमिका के साथ बेहतर ढंग से काम कर सकें। वे बोले- चुनाव के दौरान किए गए परिश्रम और राजनीतिक गतिविधियों से बाहर निकलकर कार्यकर्ताओं को नया अनुभव और नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं। यह पार्टी की संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है। इधर, कांग्रेस प्रत्याशियों के शहर में ही बाड़ेबंदी की सूचना इधर, काउंटिंग से पहले कांग्रेस ने भी अपने पार्षद प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर दी है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को ही सभी पार्षद प्रत्याशियों को कॉल कर बैग तैयार करने के लिए कह दिया गया था। इसके बाद रविवार को जोधपुर की एक होटल में सभी को बुलाया गया। बताया जा रहा है कि इन सभी प्रत्याशियों को शहर की ही इसी होटल में रखा गया है।