जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने नाथड़ाउ के बुजुर्ग की हत्या के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुख्य आरोपी खेतसिंह को पहले ही पकड़ चुकी है, जबकि अन्य आरोपी फरार थे, जिनमें से 2 आरोपी अब पकड़े गए हैं। आरोपियों ने 35 साल पुराने जमीन विवाद में वारदात को अंजाम दिया था। 22 अप्रैल की शाम को मगसिंह राजपुरोहित अपने भतीजे सुल्तानसिंह के साथ मोटरसाइकिल पर कनोडिया पुरोहितान से नाथड़ाउ लौट रहे थे। रास्ते में खेतसिंह पुत्र चैनसिंह और उसके साथियों ने बोलेरो से टक्कर मारकर दोनों को गिरा दिया। फिर तलवार से ताबड़तोड़ वार कर मगसिंह की हत्या कर दी। सुल्तानसिंह ने चामू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद केस दर्ज कर जांच शुरू हुई। एसपी पी.डी. नित्या के निर्देश पर एएसपी भोपालसिंह लखावत, वृताधिकारी राजेन्द्रसिंह के सुपरविजन में चामू थानाधिकारी हनुमानराम और डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया की अगुवाई में टीमें गठित की गईं। साइबर टीम ने तकनीकी डेटाबेस तैयार किया। जगह-जगह दबिश देकर हरिसिंह (पुत्र चैनसिंह, कनोडिया पुरोहितान) और ओमसिंह (पुत्र चैनसिंह, कनोडिया पुरोहितान) को पकड़ लिया गया।