जोधपुर नगर निगम चुनाव में 100 वार्डों से मैदान में उतरे 385 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला कल होगा। सुबह 8 बजे से शहर के पॉलो​टेक्निक कॉलेज में काउंटिंग शुरू हो जाएगी। काउंटिंग की शुरुआत डाक मतपत्रों की गिनती से की जाएगी, इसके बाद अन्य मतों की गणना होगी। इसके लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज के 10 रूम में वार्ड अनुसार अलग-अलग टेबल लगाई गई है। मतगणना के लिए 117 राउंड निर्धारित किए गए हैं और प्रशासन के मुताबिक, करीब तीन घंटे में चुनाव परिणाम की तस्वीर साफ हो जाएगी। इसके साथ ही पता चल जाएगा कि ​कौनसे वार्ड से कौनसी पार्टी का प्रत्याशी पार्षद का चुनाव जीता है। काउंटिंग शुरू होने के साथ ही वार्डवार रुझान सामने आने लगेंगे। ऐसे में प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की नजरें मतगणना केंद्रों पर टिकी रहेंगी। जोधपुर नगर निगम चुनाव - ऐसी रहेगी मतगणना की व्यवस्था इस बार वोटिंग में टूटा है रिकॉर्ड जोधपुर नगर निगम में 100 वार्ड है, यहां 385 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। इसमें कांग्रेस और भाजपा के 100-100 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। वहीं अन्य दलों और निर्दलीय की संख्या 185 हैं। कुल 7 लाख 12 हजार 164 मतदाता में से 5 लाख 12 हजार 410 मतदाताओं ने अपने वोट का उपयोग किया। जोधपुर में मतदान प्रतिशत 71.95% रहा। काउंटिंग को लेकर प्रशासन की तैयारियां पूरी सबसे पहला रुझान मतगणना शुरू होने के आधे घंटे के बाद आ जाएगा और तीन घंटे में पूरा रिजल्ट आने की संभावना है। रिटर्निंग ऑफिसर रामकिशोर मीणा ने बताया कि मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों और प्रत्याशियों के एजेंट को लेकर एंट्री की भी अलग-अलग व्यवस्था की गई है। कॉलेज परिसर में एंट्री के लिए चार गेट बनाए गए है। इन एंट्री गेट पर अलॉट किए वार्ड के अनुसार अंदर एंट्री होगी। पार्टी प्रत्याशी बाड़े बंदी में, पार्टियों के पदाधिकारी और एजेंट रहेंगे मौजूद निगम चुनाव के लिए वोटिंग पूरी होते ही पार्टी प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी शुरू हो गई थी। भाजपा के प्रत्याशियों को जोधपुर से बाहर ले जाया गया है। वहीं बताया जा रहा है कि कांग्रेस प्रत्याशी जोधपुर शहर में ही है। इधर, बाड़ेबंदी को देखते हुए दोनों दलों के पार्टी प्रत्याशी काउंटिंग के दौरान मौजूद नहीं रहेंगे। इस दौरान उनके एजेंट और पार्टी के पदाधिकारी वहां मौजूद रहेंगे। मेयर-डिप्टी मेयर चुनाव के लिए ये कार्यक्रम….