बीकानेर के जेएनवीसी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वल्लभ गार्डन क्षेत्र से चोरी हुई स्कॉर्पियो को बरामद कर एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पूर्व में भी आपराधिक पृष्ठभूमि रही है और वह गैंग के साथ मिलकर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। रात में घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो चोरी पुलिस के अनुसार, 27 मार्च को वल्लभ गार्डन निवासी सुमित्रा राजपुरोहित ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनके घर के सामने खड़ी उनकी स्कॉर्पियो को अज्ञात व्यक्ति रात करीब 2:55 बजे चोरी कर ले गया। इस संबंध में जेएनवीसी थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी और मुखबिर सूचना से मिला सुराग महानिरीक्षक पुलिस रेंज बीकानेर एवं जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) और सहायक पुलिस अधीक्षक के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। ओसियां के पास दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली गाड़ी जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी की गई स्कॉर्पियो को आरोपियों ने जोधपुर के ओसियां के पास दुर्घटनाग्रस्त हालत में छोड़ दिया था। इसके बाद पुलिस ने वाहन को बरामद कर संबंधित थाने में सुरक्षित खड़ा करवाया। रेकी करने वाला आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीजाराम उर्फ अनिल (25) पुत्र सुखाराम जाट, निवासी ढाढरवाला, पुलिस थाना चाखू, जिला फलोदी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी अशोक उर्फ अंशु गैंग के साथ मिलकर वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी का काम घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों की रेकी करना था। एनडीपीएस एक्ट में भी दर्ज हैं मामले पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वर्ष 2020 और 2024 में भी प्रकरण दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की पुष्टि होती है।