जोधपुर जिले में पहले चरण की 6 पंचायत समितियों में सरपंच और पंचों को लेकर ​स्थिति साफ हो गई है। जिले की बालेसर, आगोलाई और सेखाला पंचायत समितियों में सरपंच और वार्ड पंच पर कई प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत दर्ज की है। इधर, सेखाला की मंगल सिंह नगर ग्राम पंचायत में जहां कल मतदान का बहिष्कार हुआ था, वहां किसी ने भी नामांकन नहीं भरा है। अब कल होने वाले सरपंच और पंच चुनावों की स्थिति साफ हो गई है। कल मतदान होगा और इनका परिणाम भी कल आ जाएगा। नामांकन के दिन ये रही जिले में स्थिति बालेसर पंचायत स​मिति की ग्राम पंचायत खारी बेरी में सवाई सिंह इंदा निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। वहीं पूरी ग्राम पंचायत भी निर्विरोध जीती हैं। इसी तरह इसी पंचायत समिति की नई ग्राम पंचायत हनुमानपुरा में दुर्गा प्रजापत निर्विरोध सरंपच बनीं। आगोलाई पंचायत समिति की ग्राम पंचायत दूधाबेरा में पूरी पंचायत निर्विरोध निर्वाचित हुई है। यहां सरपंच मधु चौधरी ने भी निर्विरोध जीत दर्ज की है। इधर, सेखाला क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में नामांकन और निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति सामने आई है। ग्राम पंचायत केतु कलां में सरपंच पद के लिए उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। वहीं, ग्राम पंचायत के सातों वार्डों में वार्ड पंच निर्विरोध चुने गए। इधर, रिनिया बालाजी ग्राम पंचायत में डॉ. नथाराम सरपंच पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं चामू पंचायत समिति की श्रीकरणसिंहनगर ग्राम पंचायत में भेरूसिंह भी सरपंच पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए। कल सुबह 7 बजे से होंगे चुनाव, 6 बजे बाद आएंगे परिणाम शनिवार को पहले चरण की पंचायत समितियों के सरपंच और पंच के लिए चुनाव होगा। सुबह 7 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। इसके तुरंत बाद ही मतगणना भी शुरू हो जाएगी। यानी कौन सरपंच और पंच बनेगा ये कल मतगणना के बाद ही पता चलना शुरू हो जाएगा। अपने समर्थकों के साथ पहुंचे प्रत्याशी इधर, सरपंच और पंच के नामांकन को लेकर ग्रामीण इलाकों में सुबह से ही दौर शुरू हो गया था। सभी प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे। इसके साथ ही नॉमिनेशन को दोबारा लेने के लिए मान मनुहार का दौर भी शुरू हो चुका है। वहीं कुछ ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने अपने स्तर पर ही निर्विरोध सरपंच चुन लिए हैं। कल जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के हुए थे चुनाव जोधपुर जिले की 6 पंचायत समितियों और जिला परिषद के लिए गुरुवार को मतदान हुआ था। पहले चरण में गुरुवार को शेरगढ़, चाबा, आगोलाई, चामू, सेखाला और बालेसर में चुनाव हुए।जोधपुर जिले में पहले चरण में 53.79 प्रतिश वोटिंग हुई। वहीं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 64.78 और जिला परिषद सदस्यों के लिए 63.35 प्रतिशत मतदान हुआ।