जोधपुर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान चल रहा है। पुलिस ने अलग-अलग थानों में कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को सोमवार रात को गिरफ्तार किया। पुलिस कमिश्नरेट के ईस्ट और वेस्ट जिले की पुलिस ने अवैध अफीम, डोडा, स्मैक और MD के साथ आरोपियों को पकड़ा। मथानिया थाना: 5 किलो से अधिक मादक पदार्थ जब्त मथानिया थाना क्षेत्र के भैसेर चावंडियाली इलाके में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के बड़े तस्कर को दबोचा। पुलिस थाना मथानिया की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इलाके में किराए के एक मकान में मादक पदार्थ बेचा जा रहा है। पुलिस ने मौके पर दबिश दी और आरोपी गुमानगिरी (48) पुत्र मांगीगिरी गोस्वामी निवासी गंगाणी हाल किराएदार भैसेर चावंडियाली को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपी से करीब 5.160 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया। झंवर और सूरसागर थाना: डोडा पोस्त पाउडर और स्मैक के साथ तस्कर पकड़ा झंवर पुलिस ने आरोपी अशोक विश्नोई पुत्र भेपाराम निवासी दड़ी की ढाणी जोलियाली को गिरफ्तार किया। आरोपी से अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया। वहीं सूरसागर पुलिस ने अंबेडकर नगर कालीबेरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी श्रवणराम विश्नोई (40) पुत्र सोहनराम निवासी अरटिया खुर्द हाल सूरसागर को गिरफ्तार किया। आरोपी से 450 ग्राम अवैध डोडा पोस्त पाउडर जब्त किया गया। एमडी और स्मैक तस्कर गिरफ्तार इसके अलावा कुड़ी भगतासनी पुलिस ने 3 सेक्टर हाउसिंग बोर्ड इलाके में आरोपी राघव चौहान (20) पुत्र कैलाश को गिरफ्तार किया। आरोपी से 2.8 ग्राम अवैध एमडी बरामद किया गया। वहीं रातानाडा पुलिस ने सुभाष चंद्र बोस कॉलोनी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी संजीत पॉल (22) पुत्र शंभु पॉल को अवैध स्मैक बेचते हुए पकड़ा है। वहीं डांगियावास थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में आरोपी राजेंद्र (35) पुत्र जोगाराम विश्नोई निवासी भादूओं की ढाणी बिड़ासनी से 940 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया। करवड़ थाना पुलिस ने विष्णुप्रकाश (39) पुत्र नेहरूराम जाट निवासी कुकनो की ढाणियां पालड़ी मांगलिया से 220 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया। मण्डोर थाना पुलिस ने आरोपी भंवरलाल (55) पुत्र किशनलाल निवासी विष्णु नगर भाकरी पुलिस थाना लोहावट हाल पहाड़गंज मंडोर को 498 ग्राम डोडा, 94 ग्राम अफीम के साथ पकड़ा। उदयमंदिर थाना पुलिस ने आरोपी शेखर विश्नोई (36) पुत्र श्रीराम विश्नोई निवासी पुरानी पुलिस लाइन को अफीम का दूध रखने के आरोप में गिरफ्तार किया। महामंदिर थाना पुलिस ने न्यू फुट मंडी भदवासिया के पास से आरोपी मोहसिन उर्फ छोटू से 41 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। कार्रवाई को पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अंजाम दिया। इसमें DCP कमल शेखावत, DCP मनीष चौधरी के नेतृत्व में ईस्ट और वेस्ट जिलों में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई को अंजाम दिया।