जोधपुर में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का सामान चोरी करने और डरा-धमकाकर लूटने वाले शातिर बदमाश को जीआरपी थाना ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से चोरी और लूट के दो अलग-अलग मामलों का माल बरामद किया। इसमें एक लैपटॉप, एक मोबाइल और कानों में पहनने वाले सोने की लॉन्ग शामिल हैं। आरोपी पहले भी नकबजनी और लूट के कई मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी लीलू उर्फ जीतू उर्फ जितेंद्र (28) पुत्र भंवरूराम ओड निवासी शिवपुरा पोकरण जैसलमेर को गिरफ्तार किया। पहली वारदात: सामान चेकिंग मशीन से उड़ाया लैपटॉप पुलिस के अनुसार- 23 फरवरी 2026 को सांवरमल निवासी डीडवाना कुचामन हाल पुणे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि वह जोधपुर से पुणे जाने के लिए टिकट लेकर स्टेशन में प्रवेश कर रहा था। लगेज स्कैनर मशीन में उसने अपना बैग रखा, लेकिन बैग आगे से बाहर नहीं आया। पीछे जाकर देखा तो बैग गायब था। इसमें डेल कंपनी का लैपटॉप था। इस पर जीआरपी में मामला दर्ज किया था। दूसरी वारदात: टॉयलेट का रास्ता पूछने पर खंडहर में ले जाकर लूटा दूसरी वारदात 13 अप्रैल 2026 को हुई। पीड़ित नारायण राम निवासी खेड़ापा जोधपुर इलाज के लिए जोधपुर स्टेशन आया था। उसने वहां खड़े एक युवक से टॉयलेट का रास्ता पूछा। आरोपी उसे झांसे में लेकर राईकाबाग स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 के आखिरी छोर पर बने खंडहर में ले गया। वहां आरोपी ने चाकू दिखाकर नारायण राम को जान से मारने की धमकी दी। जेब से मोबाइल और 200 रुपए छीन लिए। इसके बाद आरोपी ने डरा-धमकाकर पीड़ित के कानों से सोने के लॉन्ग भी उतरवा लिए और फरार हो गया। मामले में एएसआई चरण सिंह, हेड कॉन्स्टेबल दीपेंद्र पाल सिंह, कॉन्स्टेबल रीडमल सिंह, मोहनलाल और मुल्तानाराम की विशेष टीम बनाई गई। टीम ने जब दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और उनका विश्लेषण किया तो सामने आया कि दोनों वारदातों को अंजाम देने वाला शख्स एक ही है। इसके बाद पुलिस ने पुराने अपराधियों का रिकॉर्ड खंगाला और साइबर सेल की तकनीकी मदद से आरोपी लीलू उर्फ जीतू को गिरफ्तार कर पूछताछ की। इस पर दोनों वारदातें कबूल कर ली। भीड़ का फायदा उठाकर करता वारदात पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर किस्म का है। वह रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले इलाकों में घूमता रहता था। जहां एक तरफ वह भीड़ का फायदा उठाकर जेबतराशी करता था। वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण इलाकों या दूर-दराज से आने वाले सीधे-साधे यात्रियों को अपनी बातों में फंसाता था। मदद करने के बहाने उन्हें सुनसान जगह या खंडहरों में ले जाकर चाकू की नोंक पर लूट लेता था। पुलिस ने बताया- आरोपी लीलू आदतन अपराधी है। इसके खिलाफ पहले भी नकबजनी के 3 मामले, एससी/एसटी एक्ट का 1 मामला और एक बुजुर्ग महिला को डरा-धमकाकर लूटने का 1 मामला दर्ज है। कोर्ट ने आरोपी को जेल में भेजने के आदेश दिए।