रक्तदान को महादान कहा जाता है और जरूरत के समय अगर किसी व्यक्ति को रक्त मिल जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है। इसी ध्येय को लेकर जोधपुर में खेतेश्वर जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन रविवार को किया जाएगा। राजपुरोहित मेडिकल मित्र मंडल के जितेंद्रसिंह भेंसर कोटवाली एवं सुरजीतसिंह धांगड़वास ने बताया कि राजपुरोहित मेडिकल मित्र मंडल व राजपुरोहित समाज जोधपुर के तत्वावधान में रविवार 19 अप्रेल को जोधपुर शहर में स्थित श्रीश्री रविशंकर ब्लड डोनेशन सेंटर,गीता भवन के सामने एक बूंद गुरुदेव खेतेश्वर के नाम रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर से एक तरफ बड़ी मात्रा में रक्त संग्रहित होगा और दूसरी ओर जरूरत के समय लोगों को आसानी से रक्त मिल सकेगा। शिविर में एमडीएम ,एम्स हॉस्पिटल,पारस ब्लड बैंक की टीम ब्लड कलेक्शन के लिए शामिल होगी। आयोजकों ने बताया कि एक इंसान की जान बचाने के लिए रक्त बेहद जरूरी होता है। इसी वजह से समय-समय पर संस्थान हर साल की भांति इस साल भी रक्तदान शिविर का आयोजन कर रहा है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य यही है कि जरूरत पड़ने पर हमारे पास पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध हो.। रक्त की एक-एक बूंद किसी की जिंदगी बचा सकती है। अभिषेकसिंह रुंगड़ी ने बताया कि यह रक्तदान शिविर सुबह 9 बजे शुरू हो जाएगा और इसका लक्ष्य सैकड़ो यूनिट रक्त एकत्र करना है। समाज के गणमान्य व्यक्तियों द्वारा रक्तदाताओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा ।