पाली जिले में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए। जेतपुर थाना क्षेत्र में पिकअप पलटने से तीन लोग घायल हुए, जिनमें एक को जोधपुर रेफर किया गया। वहीं सदर थाना क्षेत्र में पहले हुए हादसे में घायल ट्रक ड्राइवर की इलाज के दौरान बांगड़ हॉस्पिटल में मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है। जेतपुर के पास पिकअप पलटी, तीन घायल रविवार को पाली के जेतपुर में एक पिकअप बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में पिकअप में सवार तीन जने घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। पुलिस के अनुसार जेतपुर थाना क्षेत्र के जेतपुर मालवा फाटा के पास यह हादसा हुआ। इसमें पिकअप में सवार पाली जिले के रोहट क्षेत्र के खुंडावास गांव निवासी 22 साल के उम्मेदसिंह, 10 साल के करणसिंह और 5 साल के चंदनसिंह घायल हो गए। शादी से लौटते समय हुआ हादसा, एक को जोधपुर रेफर तीनों गरवलिया में शादी से लौट रहे थे। इसी दौरान पिकअप बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में घायल उम्मेदसिंह की हालत गंभीर होने पर उसे जोधपुर रेफर किया गया। जेतपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सदर क्षेत्र हादसे में घायल ट्रक ड्राइवर की मौत पाली के सदर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल हुए ट्रक ड्राइवर की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक यूपी के मीरपुर निवासी 28 साल के सतपाल पुत्र महेश थे। जानकारी के अनुसार शनिवार को गुड़गांव से गुजरात की तरफ जाते समय ट्रक सड़क पर खड़े ट्रेलर से टकरा गया था। हादसे में सतपाल गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था, जहां रविवार को उसकी मौत हो गई।