राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मरू निनाद घोष शिविर का आयोजन 12 से 15 नवंबर को होगा। इस चार दिवसीय कार्यक्रम को लेकर जोधपुर महानगर के कार्यकर्ताओं व अधिकारियों की बैठक संघ के जोधपुर सहप्रांत प्रचारक राजेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित हुई। इस शिविर में संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन राव भागवत भी हिस्सा लेंगे। मोहन भागवत दो दिन तक यहां रुक सकते है। शिविर को लेकर 6 साल पहले योजना बनी थी। इसे लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी है। शिकरपुरा स्थिति श्रीराजाराम आश्रम में 400 सदस्यों की टीम इस पूरी व्यवस्था को देख रही है। यहां शिविर में चार बड़े-बड़े नगर तैयार किए गए है। भोजनशाला के लिए बहुत बड़ा अन्नपूर्णा मंडप तैयार होगा। जहां स्वयंसेवक घोष की तैयारी करेंगे वहां बहुत बड़ा मैदान श्रीराजाराम आश्रम में तैयार किया गया है। महानगर में 18 केंद्रों पर जारी है प्रशिक्षण जोधपुर महानगर से लगभग एक हजार से अधिक स्वयं सेवक इस शिविर में भाग लेने के लिए जोधपुर में तैयारी कर रहे हैं। महानगर के 18 नगरों में घोष के वर्ग व केंद्र चल रहे हैं। जहां पर स्वयंसेवकों की ओर से सुबह, शाम और रात को प्रैक्टिस की जा रही है। इस आवासीय शिविर में सुबह 4 बजे से लेकर रात 10 बजे तक अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। अलग-अलग भागों में तीन संचलन होंगे 14 नवंबर को इस वर्ग में भाग लेने वाले सभी व शिविरार्थी स्वयंसेवकों द्वारा जोधपुर के अलग-अलग मार्गों पर संचलन में सहभागिता दी जाएगी । एक संचलन महामंदिर स्थित सुमेर स्कूल से प्रारंभ होकर के पावटा चौराहा होते हुए हाई कोर्ट गेट के सामने से उम्मीद स्टेडियम पहुंचेगा। दूसरा संचलन उम्मेद स्टेडियम से शुरू होकर नई सड़क, सोजती गेट, रेलवे स्टेडियम, रणछोड़ मंदिर जालौरी गेट, गोल बिल्डिंग चौराहा बी रोड होते हुए गांधी मैदान पहुंचेगा। वहीं तीसरा संचलन मैदान से शुरू होकर के जलजोग चौराहा, सरदापुरा 12वीं रोड, मुंबई मोटर चौराहा, आखलिया चौराहा से होते हुए प्रताप नगर टेंपो स्टैंड के पास से केशव आदर्श विद्या मंदिर केशव प्रसाद पहुंचेगा। इस कार्यक्रम में शहर के अलग-अलग सामाजिक संगठन और स्वयंसेवी संस्थाओं की ओरसे स्वागत किया जाएगा। 15 नवंबर को होगा समापन, सरसंघचालक भी लेंगे हिस्सा 15 नवंबर को सार्वजनिक कार्यक्रम के साथ शिविर का समापन होगा । कार्यक्रम में जोधपुर महानगर से लगभग 25 हजार से ज्यादा शहरवासी शिकारपुरा आश्रम कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचेंगे। इस अवसर पर संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन राव भागवत भी शामिल होंगे। इसकी जानकारी बैठक में महानगर कार्यवाह भारत प्रकाश जांगिड़ द्वारा दी गई। बैठक में विभाग संघचालक जगदीश सिंह, महानगर संघचालक प्रकाश रावला सहित अनेक अधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 6 साल पहले तय की थी कार्यक्रम की रूपरेखा इस अवसर पर सहप्रांत कार्यवाह राजेश कुमार ने कहा कि संघ शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के ठीक बाद जोधपुर प्रांत में मरू निनाद घोष शिविर का आयोजन एक महत्वपूर्ण पड़ाव बनने जा रहा है। जोधपुर प्रांत में लगभग 6 वर्ष पूर्व इस शिविर की योजना बनी थी। तत्कालीन समय में श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या से संबंधित ऐतिहासिक निर्णय के कारण इस कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा।