जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक स्मैक तस्कर की करीब 1 करोड़ 58 लाख रुपए की अवैध चल-अचल संपत्ति को फ्रीज कर दिया। महानिरीक्षक पुलिस रेंज जोधपुर और जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण पंकज यादव के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई है। पुलिस थाना भोपालगढ़ में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में आरोपी भागीरथ राम उर्फ भगाराम और उसकी पत्नी बेबी के नाम से अवैध तस्करी के पैसों से खरीदी गई संपत्तियों की वित्तीय जांच की गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी ने स्मैक की तस्करी से एक बोलेरो कैम्पर वाहन, ग्राम अरटिया कला में 0.6 हेक्टेयर जमीन और 10 दुकानें, जोधपुर शहर में एक मकान व प्लॉट और ग्राम झालामलिया में स्थित मकान खरीदा था। आरोपी के खिलाफ 6 मामले दर्ज इन सभी संपत्तियों को केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय, राजस्व विभाग के सक्षम प्राधिकारी व प्रशासक, नई दिल्ली द्वारा अनुमोदित किए जाने के बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(2) के तहत फ्रीज किया गया है। मुख्य आरोपी भागीरथ राम के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के 6 मामले दर्ज हैं। ग्रामीण SP पंकज यादव ने कहा- नशे के सौदागरों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।