आगामी पंचायती राज चुनावों को देखते हुए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियार तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने बालेसर थाना क्षेत्र से एक थार गाड़ी से अवैध देशी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरधारीराम पुत्र राजूराम जाट, निवासी रामनगर उटाम्बर थाना बालेसर और गणपतराम पुत्र भूराराम जाट, निवासी बलाऊ जाटी थाना मंडली के तौर पर हुई। गिरफ्तार गिरधारी राम के खिलाफ पूर्व में हत्या सहित 4 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। गुजरात नंबर थार में चला रहे थे बदमाश DST प्रभारी शंकर कड़वा ने बताया कि 16 अक्टूबर को कांस्टेबल चतुराराम की सूचना पर रामनगर से चांचलवा जाने वाले कच्चे रास्ते पर नाकेबंदी की गई थी। इस दौरान गुजरात नंबर की काले रंग की थार गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली गई। जिसमें गाड़ी से 1 देशी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने हथियार और थार गाड़ी को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ बालेसर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। ग्रामीण SP की अपील जोधपुर ग्रामीण SP पंकज यादव ने बताया कि चुनावों के दौरान आमजन में भय उत्पन्न करने वाले और सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील या फोटो अपलोड करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे इस तरह की गैर-कानूनी गतिविधियों से दूर रहें। एसपी ने कहा- अवैध या डमी हथियारों के साथ फोट, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।। उम्रकैद तक की सजा SP ने बताया अवैध हथियार रखने और डर फैलाने पर संगठित अपराध की धाराओं में केस दर्ज होगा, जिसमें 5 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर अनर्गल टिप्पणी, अश्लील फोटो या किसी वर्ग विशेष को टारगेट करने वालों के खिलाफ भी पुलिस कार्रवाई करेगी।