जोधपुर शहर में आज फिल्टर प्लांट, पंप हाउस और पाइपलाइनों में रखरखाव और सफाई कार्य किया जाएगा। इसके चलते फिल्टर हाउस से होने वाली जल आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। इसका असर शहर के कायलाना, चौपासनी और सुरपुरा क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। इन इलाकों में आज की पानी सप्लाई अब 6 मई को की जाएगी, जबकि 6 मई की निर्धारित सप्लाई 7 मई को दी जाएगी। जलदाय विभाग, जोधपुर सिटी सर्कल के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र मेहता के अनुसार, झालामंड और तख्त सागर फिल्टर हाउस से जुड़े क्षेत्रों में सुबह 10 बजे तक जल आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी। इन क्षेत्रों में सरस्वती नगर, कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के विभिन्न सेक्टर, पाल बाइपास और शिल्पग्राम के आसपास के इलाके शामिल हैं। हालांकि, इन इलाकों में भी जल आपूर्ति के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। यहां 6 मई को होने वाली सप्लाई 7 मई को और 7 मई की सप्लाई 8 मई को की जाएगी। जलदाय विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का आवश्यक भंडारण पहले से कर लें और सहयोग बनाए रखें।