जोधपुर शहर में अगले सप्ताह तक भी गर्मी का असर जारी रहेगा। इस दौरान अ​धिकतम तापमान 38 डिग्री तक बने रहने की संभावना है। इधर, न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि दो दिन पहले हुई बारिश के बाद दिन में गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है। ऐसे में लोगों को गर्मी से अब भी राहत मिलने की उम्मीद कम है। तापमान में देखने को मिलेगा उतार-चढ़ाव मौसम विभाग के अनुसार अगले ​6 दिनों तक अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। अगले दो दिन यानी 16 और 17 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 38 डिग्री पर स्थिर बना रहेगा। 18 से 20 अक्टूबर तक तापमान 36 से 35 डिग्री बने रहने की उम्मीद है। लेकिन, 21 अक्टूबर को दोबारा अधिकतम तापमान में 2 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है और तापमान एक ​बार फिर 38 डिग्री तक पहुंच सकता है। रात में गिरेगा टेम्परेचर, कल से हो सकता है बदलाव मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री पर रहेगा। लेकिन, कल से रात के तापमान में दो डिग्री तक गिरावट की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 23 डिग्री तक बने रहने की उम्मीद है। 21 अक्टूबर तक न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।