जोधपुर के बोरानाडा थाना इलाके में एक महिला ने खुद को अविवाहित बताकर एक युवक से धोखे से शादी की, फिर अपने पूर्व पति के साथ मिलकर संपत्ति हड़पने के लिए उसे लगातार ब्लैकमेल किया। ब्लैकमेलिंग और धमकियों से तंग आकर पीड़ित युवक ने जहर खाकर सुसाइड की कोशिश भी की। अंत में तंग आकर उसने बोरानाडा थाने में आरोपी महिला और उसके पहले पति के खिलाफ धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और सुसाइड के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया है। बोरानाडा थाना पुलिस के अनुसार पाल गांव कनक वाटिका निवासी परिवादी राकेश वैष्णव ने ऋतू मावर और उसके पति राम स्वामी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 2020 में खोखरिया निवासी आरोपी ऋतू मावर पुत्री मुरलीधर से उनकी जान-पहचान हुई और दोनों के बीच प्रेम हो गया। ऋतू ने खुद को अविवाहित बताया और कहा कि वो उनसे (शिकायतकर्ता से) शादी करना चाहती है। इस पर पीड़ित ने 8 अप्रैल 2025 को जोधपुर के गुरों का तालाब स्थित आर्य समाज में हिंदू वैदिक रीति से ऋतू के साथ शादी कर ली। शादी के समय पीड़ित ने ऋतू को डेढ़ तोले का मंगलसूत्र, चांदी की पायल, बिछिया, सोने-चांदी की अंगूठी और कान के टॉप्स सहित करीब 2 लाख रुपए के गहने दिए। शादी के बाद खुला राज: पहले से शादीशुदा, दो बच्चों की मां शादी के बाद जब पीड़ित अपनी पत्नी को साथ लाने उसके घर पहुंचा, तो पता चला कि ऋतू मावर पहले से ही शादीशुदा है। उसके पूर्व पति से उसके 10 साल का एक लड़का और 8 साल की एक लड़की भी है। जब पीड़ित ने बार-बार फोन और व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया, तो ऋतू के पूर्व पति आरोपी राम स्वामी पुत्र इंद्र कुमार ने उन्हें धमकाया कि यदि ऋतू से कोई संबंध रखा, तो वे उसके खिलाफ रेप का झूठा मुकदमा दर्ज करवा देंगे। संपत्ति के लिए ब्लैकमेलिंग, तनाव में आकर खाया जहर अक्टूबर-नवंबर 2025 में ऋतू ने पीड़ित को कुड़ी भगतासनी स्थित "बेरोजगार कैफे" में बुलाकर धमकाया कि कुड़ी भगतासनी और बड़ली हाउसिंग बोर्ड में स्थित उनकी मां के नाम के दोनों मकान उसके नाम कर दो। ऐसा नहीं करने पर उसने बलात्कार और धोखे से शादी के झूठे केस में जेल भिजवाने की धमकी दी। लगातार ब्लैकमेलिंग से तंग आकर पीड़ित ने 23 नवंबर 2025 को जहर खा लिया, जिसके बाद उनके पिता ने उन्हें एमडीएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया। पीड़ित का वहां 25 नवंबर 2025 तक इलाज चला। घर आकर बच्चों के अपहरण की धमकी आरोप है कि 23 फरवरी को ऋतू, राम स्वामी और एक अन्य महिला पिंकी तीनों दोपहर 3 बजे परिवादी के घर पहुंचे। उन्होंने शिकायतकर्ता के बूढ़े माता-पिता को धमकाया कि दोनों संपत्तियां उनके नाम करो, शिकायतकर्ता के पैरेंट्स ने पुलिस को बताया कि ऋतू 2020 से 2026 के बीच उनके बेटे से लगभग 2 लाख रुपए कैश और ऑनलाइन पहले ही ले जा चुकी है। गहनों के बारे में पूछने पर ऋतू ने बताया कि गहने बेच दिए और पैसे उसका पति जुएं में हार गया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने धोखाधड़ी व ब्लैकमेलिंग की धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की जांच मुख्य हेड कॉन्स्टेबल चूनाराम को सौंपी गई है।