जोधपुर की विवेक विहार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी और नकबजनी करने वाली संगठित गैंग को पकड़ा है। यह गैंग सांगरिया रिको क्षेत्र में लगातार वारदातों को अंजाम दे रही थी। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से लाखों रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है। ये है मामला 10 अप्रैल 2026 को अनिल जांगिड ने रिपोर्ट दी कि उनकी फैक्ट्री से मोटर पंप, एल्युमिनियम ब्लॉक, मशीनों के कीमती पार्ट्स, नकदी और अन्य सामान रात में ताला तोड़कर चोरी कर लिया गया। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली विवेक विहार थाना प्रभारी दिलीप खदाव ने बताया कि विशेष टीम गठित कर सांगरिया रिको, बासनी, हड्डी मिल और देवनगर सहित विभिन्न स्थानों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के बाद तीन महिलाओं की गैंग का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया। मामले को लेकर पूछताछ जारी है। गैंग लीडर श्यामादेवी के खिलाफ पहले से चोरी, नकबजनी, आबकारी और मारपीट सहित कुल 11 मामले दर्ज हैं। इस गैंग पर धारा 111 बीएनएस के तहत संगठित अपराध में भी कार्रवाई की गई है। ऐसे करती थी वारदात आरोपी महिलाएं सुबह कचरा बीनने के बहाने फैक्ट्रियों की रेकी करती थीं और मौका पाकर रात में ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देती थीं। इनको किया गिरफ्तार पुलिस ने भोमियाजी कॉलोनी निवासी श्यामा देवी (47) पत्नी राजु भील, उम्र 47 वर्ष, सुआदेवी (40) पुत्री दाउलाल, गुडकी (43) पत्नी दीपक को गिरफ्तार किया है।