महेंद्रगढ़ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देश पर साइबर थाना नारनौल की टीम ने अटेली मंडी के एक व्यक्ति से ऑनलाइन टास्क के नाम पर 7 लाख 15 हजार रुपए की ठगी के मामले में जोधपुर से नवीन को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि ठगी के 5 लाख रुपए सीधे नवीन के बैंक खाते में पहुंचे थे। नवीन, बांधेरी, शेखासर, जोधपुर का रहने वाला है, जिसने अपना खाता ठगों को दिया था। पुलिस ने 19 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर आज कोर्ट में पेश करेगी। रोजाना 8 हजार रुपए कमाने का झांसा दिया पुलिस को दी शिकायत में महेंद्रगढ़ के एक व्यक्ति ने बताया था कि 28 मई 2025 को व्हाट्सएप पर घर बैठे काम करके प्रतिदिन दो से आठ हजार रुपए कमाने का ऑफर मिला था। शुरुआत में छोटे टास्क पूरे करवाकर कुछ रकम भेजी गई, जिससे उसका विश्वास बढ़ा। इसके बाद टेलीग्राम के माध्यम से उसे अधिक कमाई का लालच देकर रकम जमा करवाई जाने लगी। कुछ रकम लौटाकर विश्वास जीता गया, फिर उससे 15 हजार रुपए जमा करवाए गए। और पैसे न देने पर पहले की रकम न लौटाने का दबाव डाला। टास्क गलत होने पर मांगी गई रकम शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपए और जमा करवाए गए। फिर टास्क गलत होने और रकम फंसने की बात कहकर उससे डेढ़ लाख और बाद में पांच लाख रुपए मांगे गए। इस प्रकार शिकायतकर्ता से कुल 7 लाख 15 हजार रुपए जमा करवा लिए गए। जब उसने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो पैसे फ्रीज होने का बहाना बनाकर साढ़े चार लाख रुपए और मांगे गए। बाद में संबंधित टेलीग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया गया,जिसके बाद शिकायतकर्ता ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज करवाई। प्राप्त शिकायत के आधार पर साइबर थाना नारनौल में 12 सितंबर 2025 को मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले की जांच के दौरान आरोपी नवीन की संलिप्तता सामने आने पर उसकी गिरफ्तारी की गई है। मामले में आगामी जांच जारी है।