दौसा | सोमनाथ महादेव मंदिर में सोमवार को जिला स्तरीय ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ अत्यंत उत्साह और भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम गुजरात के सोमनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित मुख्य समारोह से ‘लाइव’ जुड़ा रहा। उत्सव का शुभारंभ मीन भगवान मंदिर से सोमनाथ मंदिर तक निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुआ, जिसमें महिलाओं ने भजन-कीर्तन पर नृत्य कर वातावरण को शिवमय बना दिया। मंदिर परिसर में कलाकारों द्वारा "बाबा दानी जय हो भोला दानी" जैसे भजनों की प्रस्तुति के बाद भगवान सोमनाथ का विधिवत रुद्राभिषेक एवं पूजन किया गया। राजकीय संस्कृत महाविद्यालय के उप प्राचार्य डॉ. हंसराज शर्मा ने अभिषेक की रस्में संपन्न कराईं। अतिरिक्त जिला कलेक्टर अरविंद शर्मा ने सोमनाथ को भारतीय स्वाभिमान और पुनरुद्धार का प्रतीक बताते हुए युवाओं से सांस्कृतिक विरासत सहेजने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक महाआरती एवं प्रसादी वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर नगर परिषद की पूर्व सभापति कल्पना जैमन, सीईओ बिरदी चंद गंगवाल, एसडीएम यशवंत मीणा, मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष नरेंद्र जैमन और स्वीप समन्वयक डॉ. रामवीर चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया गया।