जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के मतदान से एक दिन पहले मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष और जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने कामां और पहाड़ी निकाय क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने अलग-अलग मतदान केंद्रों, स्ट्रॉन्ग रूम, ईवीएम रिजर्व रूम और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की जांच की। उन्होंने स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान के लिए किए गए इंतजामों की जमीनी हकीकत देखी। कामां में अधिकारियों ने पीएम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के दो बूथ, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के दो बूथ, राजकीय आंबेडकर छात्रावास के एक बूथ और आंबेडकर भवन स्थित एक मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान स्ट्रॉन्ग रूम, काउंटिंग रूम, ईवीएम रिजर्व कक्ष और सीसीटीवी मॉनिटरिंग रूम की सुरक्षा व्यवस्था जांची गई। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बूथों के संवेदनशील होने के स्थानीय कारणों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए गए। एक मतदान केंद्र के पास पड़ी निर्माण सामग्री को भी तुरंत हटवाने के निर्देश अधिशासी अधिकारी कामां को दिए गए। इसके बाद उपखंड अधिकारी कार्यालय कामां में एक समीक्षा बैठक हुई। इसमें अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई करने, आचार संहिता का पालन पक्का करने और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए। कामां के बाद कलक्टर और एसपी ने पहाड़ी नगर पालिका क्षेत्र का दौरा किया। यहां केसरी सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय में बने छह मतदान केंद्रों, एमडी उच्च माध्यमिक विद्यालय में चार मतदान केंद्रों और आंबेडकर भवन स्थित एक मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने पहाड़ी में ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम, रिजर्व ईवीएम कक्ष, सीसीटीवी लाइव फीड रूम और काउंटिंग रूम की सुरक्षा एवं तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उपखंड अधिकारी कार्यालय पहाड़ी में समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल की अक्षरशः पालना के निर्देश दिए। 100 व 200 मीटर की परिधि की होगी स्पष्ट मार्किंग कलेक्टर ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, रैंप, फर्नीचर एवं शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान केंद्रों पर बैरिकेडिंग कराने और 100 मीटर तथा 200 मीटर की विधिक परिधि की स्पष्ट मार्किंग सुनिश्चित करने को कहा। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने आयोग द्वारा निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया शुरू कराने और निर्धारित समय पर मतदान संपन्न कराने पर भी विशेष जोर दिया।