कामां थाना पुलिस ने आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.29 लाख रुपए नकद और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कामां थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केदारनाथ मंदिर के पास, बृज 84 कोस परिक्रमा मार्ग पर एक कोठरी में कुछ लोग संगठित होकर आईपीएल मैचों पर सट्टेबाजी कर रहे हैं। इस सूचना पर उप-निरीक्षक दामोदर के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से इस्ताक (32) पुत्र फजरूद्दीन, सुनील कुमार (34) पुत्र कल्लाराम और रामवीर (32) पुत्र घीसाराम को गिरफ्तार किया। ये तीनों आरोपी कामां के ग्राम विलोंद के निवासी बताए जा रहे हैं। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 29 हजार रुपए की नकद सट्टा राशि, 4 एंड्रॉइड मोबाइल, 2 नोटबुक और 2 पेन बरामद किए गए हैं। बरामद नोटबुक्स में लाखों रुपये के सट्टे का हिसाब-किताब लिखा हुआ मिला है, जो सट्टेबाजी के प्रमाण के रूप में है। कामां थाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। लापता युवती के परिजनों ने एसपी की तलाश की मांग कुम्हेर जिले में एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। परिजनों ने इस मामले में डीग के जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। परिजनों के अनुसार यह घटना 19-20 अप्रैल 2026 की रात को हुई। उनकी बेटी अचानक घर से गायब हो गई। सुबह जब वह घर में नहीं मिली, तो परिजनों ने उसकी तलाश आसपास और रिश्तेदारों में की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया है। उन्होंने पुलिस को कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के नाम भी बताए हैं। परिजनों ने आशंका जताई है कि युवती को किसी वाहन से ले जाया गया होगा। युवती के पिता ने 21 अप्रैल 2026 को कुम्हेर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि, कई दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस जानकारी नहीं मिलने पर परिजन डीग स्थित जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और उनसे मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की।