करौली में भारत की जनगणना 2027 के लिए 418 प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित किया गया। यह प्रशिक्षण करौली ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित किया गया, जिसमें जनगणना कार्य, मकान सूचीकरण, डिजिटल सर्वे और एचएलओ मोबाइल ऐप के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार बलबीर सिंह और प्रशिक्षण प्रभारी शिवराज सिंह बांसरे ने बताया कि यह कार्यक्रम लोक हितकारी उच्च माध्यमिक स्कूल करौली में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के तीन चरण 4 से 6 मई, 7 से 9 मई और 10 से 12 मई 2026 तक आयोजित किए गए। प्रशिक्षण में कुल 358 प्रगणकों और 60 सुपरवाइजरों को जनगणना कार्यों के लिए तैयार किया गया। उन्हें गांवों के नजरी नक्शे तैयार करने, भवन एवं जनगणना मकानों की सूची बनाने और पर्यवेक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए। प्रशिक्षुओं को 16 मई से 14 जून तक अपने आवंटित क्षेत्रों में जाकर मकान सूचीकरण का सर्वे कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। जनगणना दक्ष प्रशिक्षक अमित शर्मा, संजय मुद्गल, मनमोहन शर्मा, महेंद्र गुप्ता, गौरव पाराशर, मुकेश कुमार शर्मा, बालकृष्ण गर्ग और सुरेश योगी ने प्रशिक्षण दिया। उन्होंने जनगणना अधिनियम 1948, इसके विधिक प्रावधानों, प्रगणक एवं पर्यवेक्षक की भूमिका, मकान सूचीकरण और स्वजनगणना की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण में एचएलओ मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल जनगणना करने का तरीका भी समझाया गया। साथ ही, क्षेत्र में आने वाली संभावित समस्याओं का अभिनय के जरिए समाधान बताया गया और सभी कर्मियों को जिम्मेदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान गंगाराम प्रजापत, अनिल गोले, हरिकेश गुर्जर, गौरव शर्मा, धनराज मीना, मोहम्मद सद्दाम, ओमप्रकाश मीना सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।