भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन सिंह राठौड़ के पाकिस्तान संबंधी बयान के विरोध में शनिवार को करौली में जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष और टोडाभीम विधायक घनश्याम मेहर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर राठौड़ का पुतला जलाया। कांग्रेस नेताओं ने बयान को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए सैनिकों के सम्मान, राष्ट्रीय सुरक्षा तथा शहीदों के प्रति संवेदनशीलता बरतने की मांग की। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन में पीसीसी सचिव भूपेंद्र भारद्वाज सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। पुलवामा और पहलगाम की घटनाओं का किया जिक्र जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम मेहर ने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद से भारत को भारी नुकसान हुआ है। पुलवामा हमले में 40 जवानों की शहादत और पहलगाम में 26 लोगों की हत्या को देश कभी नहीं भूल सकता। ऐसे में पाकिस्तान से जुड़े विषय पर दिया गया बयान निंदनीय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद जैसे संवेदनशील मुद्दों पर जिम्मेदारी से बात की जानी चाहिए। सैनिकों और शहीदों के सम्मान की उठाई मांग मेहर ने कहा कि देश के सैनिकों और शहीदों का सम्मान करना हर भारतीय का कर्तव्य है। सैनिक देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन दांव पर लगाते हैं, इसलिए उनसे जुड़े विषयों पर संवेदनशीलता बरतना जरूरी है। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बयान पर विरोध जताते हुए सैनिकों के सम्मान और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर गंभीरता बरतने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।