शिक्षा विभाग में प्रशासनिक फेरबदल के तहत जिले में कई अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए गए हैं। संयुक्त शासन सचिव महेंद्र कुमार खींची ने जिला शिक्षा अधिकारी, एडीपीसी और सीबीईओ सहित विभिन्न पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार इंद्रेश तिवाड़ी का एडीपीसी करौली से दौसा स्थानांतरण कर दिया गया है। उनके स्थान पर सुनील कुमार शर्मा को एडीपीसी करौली नियुक्त किया गया है। वहीं, सर्वेश कुमार गुप्ता को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) करौली का दायित्व सौंपा गया है, जबकि कमलेश शुक्ला को जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) करौली नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में मुनेश कुमार मीणा को सीबीईओ सपोटरा, रामकुमार को सीबीईओ टोडाभीम और सीमा जादौन को सीबीईओ हिंडौन सिटी के पद पर पदस्थापित किया गया है। सीमा जादौन इससे पहले करौली में सीबीईओ के पद पर कार्यरत थीं। शिक्षा विभाग में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।