करौली जिले की मोहनपुर ग्राम पंचायत के बाढ़ जगतपुरा पहाड़ी क्षेत्र में अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस की टीमों ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यह घटना जिला मुख्यालय के समीप स्थित मोहनपुर ग्राम पंचायत के बाढ़ जगतपुरा पहाड़ी क्षेत्र में हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने तुरंत फायर विभाग को सूचित किया। फायर प्रभारी के निर्देश पर अग्निशमन वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची टीम में ड्राइवर आदित्य, फायरमैन पुष्पेंद्र शर्मा, जितेंद्र सिंह गुर्जर और सनी डागर शामिल थे। पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण आग तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण था। टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पत्तेदार पेड़ों की टहनियों की सहायता से आग बुझाने का कार्य शुरू किया। इस दौरान सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक महेश सिंह और वीकेश गुर्जर ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इन संयुक्त प्रयासों के कारण आग पर समय रहते पूरी तरह काबू पा लिया गया। इससे आसपास के जंगल और आबादी वाले क्षेत्रों को संभावित बड़े नुकसान से बचा लिया गया। फायर टीम की मुस्तैदी और स्थानीय सहयोग के कारण यह बड़ा हादसा टल सका। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि गर्मी के मौसम में आग से संबंधित किसी भी घटना की सूचना तुरंत दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।