रामबीर सिंह जाटव हत्याकांड में कार्रवाई की मांग तेज समाज ने कलेक्टर से लगाई गुहार, आंदोलन की दी चेतावनी करौली में रामबीर सिंह जाटव हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को जाटव समाज के लोगों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। जाटव समाज सुधार समिति 360 गांव के युवा अध्यक्ष के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया। इसमें बताया गया कि 4 मार्च को सुरोठ तहसील के मुकरावली गांव में रामबीर सिंह जाटव की 10 से ज्यादा लोगों ने कथित तौर पर हत्या कर दी थी। घटना के बाद हिंडौन सिटी क्षेत्र के कई गांवों में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। आरोपी खुलेआम घूम रहे ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे पीड़ित परिवार और समाज के लोगों में रोष है। ज्ञापन में हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और प्रत्येक आरोपी पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित करने की मांग की गई। इसके साथ ही पूर्व में दर्ज धमकी के मामलों में भी कार्रवाई करने की मांग रखी गई है। पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग पीड़ित परिवार के लिए 5 लाख रुपए मुआवजे, अनुकंपा नियुक्ति और आवास उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। साथ ही, उनकी भूमि और चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा आत्मरक्षा के लिए हथियार लाइसेंस जारी करने की भी मांग रखी गई। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जांच अधिकारी बदलने की मांग भी उठाई गई। इस दौरान वीरसिंह, दीपचंद, सुमरण सिंह, फूल सिंह, दूरसिंह, रमेश, अतरसिंह, संतराम, दिलीप, रंजीत सहित जाटव समाज के कई लोग और प्रवक्ता रिंकू खेड़ी हैवत मौजूद रहे।