करौली में पंचायत आम चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। रिटर्निंग अधिकारी और एसडीएम राकेश कुमार रावत की अध्यक्षता में जोनल मजिस्ट्रेट्स की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और संवेदनशील बूथों पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। निर्वाचन शाखा के राजेंद्र दीवान के अनुसार एसडीएम रावत ने जोनल मजिस्ट्रेट्स को मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने पेयजल, बिजली, शौचालय, रैंप, साफ-सफाई, मोबाइल नेटवर्क और संचार व्यवस्था जैसी सुविधाओं की जांच कर कमियां दूर करने के निर्देश दिए। मॉकपोल और मतदान की गोपनीयता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा पुलिस अधिकारियों से समन्वय बनाने को कहा गया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार गुप्ता, मुनेश कुमार मीना, नगर परिषद आयुक्त कालूराम मीना, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी अकबर खान और सभी जोनल मजिस्ट्रेट्स मौजूद थे।